हल्द्वानी: काठगोदाम और बनभूलपुरा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक और नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत 82 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 6 जनवरी की देर रात काठगोदाम और बनभूलपुरा थाना पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान स्मैक, नशीले इंजेक्शन और अन्य नशीली दवाओं के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पहला मामला काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस टीम गौलापार कुंवरपुर पुल बाईपास रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में युवक के पास से 275 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मंजीत सिंह, निवासी टुकड़ी, थाना नानकमत्ता, उधम सिंह नगर बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक की खेप नानकमत्ता से हल्द्वानी बेचने के लिए लाया था। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 82 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
दूसरे मामले में बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को 26 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक आर्या, निवासी कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही मुखानी थाना में दो मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
