सीएम धामी की बड़ी घोषणाएँ
देहरादून: होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में पहुंचकर इस वर्ष का कैलेंडर जारी किया। समारोह के दौरान उन्होंने होमगार्ड जवानों के लिए कई राहत भरी घोषणाएँ कीं। सीएम धामी ने कहा कि अब सभी जवानों को वर्ष में 12 आकस्मिक अवकाश मिलेंगे। वहीं महिला होमगार्ड को मातृत्व अवकाश का लाभ दिया जाएगा।
सीएम ने यह भी बताया कि 9000 फीट या उससे अधिक ऊँचाई वाले इलाकों में ड्यूटी देने वाले होमगार्ड को पुलिस और एसडीआरएफ की तरह 200 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
एसडीआरएफ का प्रशिक्षण ले चुके जवानों को 100 रुपये अतिरिक्त भत्ता मिलेगा। बंद पड़ा वर्दी भत्ता भी दोबारा बहाल कर दिया गया है।
इसी के साथ भोजन भत्ते में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी और ट्रेनिंग भत्ता 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये प्रतिदिन किए जाने की घोषणा हुई।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री कनक चौक पहुँचे, जहाँ उन्होंने भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल रावत की वीरता और अनुशासन की मिसाल हमेशा युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
राजनेताओं, पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने दो मिनट मौन रखकर उन्हें नमन किया। सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सम्मान और सैनिक परिवारों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
