नैनीताल। जिले में लगातार सामने आ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अहम आदेश जारी किया है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ विकासखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों सहित कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में तीन दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार इन तीनों ब्लॉकों के सभी स्कूल 19 जनवरी से 21 जनवरी तक पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में वन्यजीवों की आवाजाही और हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं, ऐसे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने वन विभाग को भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों में वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे सतत निगरानी रखें, गश्त बढ़ाई जाए और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

