हल्द्वानी: हल्द्वानी क्षेत्र में जमीन से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दंपति ने अपनी जमीन को बैंक में गिरवी रखकर पहले करोड़ों रुपये का लोन लिया और उसके बाद उसी जमीन को दूसरे व्यक्ति को बेच दिया।
मामले के अनुसार, लालकुआं के किशनपुर सरकुलिया निवासी सुरेश चंद्र जोशी और उनकी पत्नी सरिता जोशी ने जुलाई 2020 में अपनी दो अलग-अलग जगहों पर स्थित करीब 415.43 वर्ग मीटर जमीन को बैंक में बंधक रखकर 1.35 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। इसमें एक जमीन किशनपुर सरकुलिया और दूसरी हल्द्वानी के बमौरी मल्ली क्षेत्र में बताई गई है।
लोन लेने के कुछ समय बाद ही आरोपियों ने नवंबर 2020 में बंधक रखी गई जमीन में से एक हिस्से को गलत जानकारी देकर दूसरे व्यक्ति के नाम बेच दिया। इस दौरान बैंक को इस लेन-देन की कोई जानकारी नहीं दी गई।
जब मार्च 2024 में लोन खाता एनपीए घोषित हुआ और बैंक ने वसूली की प्रक्रिया शुरू की, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। बैंक द्वारा नोटिस भेजे जाने के बावजूद आरोपियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने संपत्ति की जांच की तो पता चला कि जमीन पहले ही बेची जा चुकी है।
जनवरी 2025 में बैंक के शाखा प्रबंधक ने इस मामले की शिकायत पुलिस और एसएसपी कार्यालय में की, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में मामला अदालत में पहुंचा, जहां एसीजेएम के आदेश के बाद पुलिस ने आखिरकार आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि अब इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
