भारतीय रेलवे की परीक्षा में नकल
देहरादून: देहरादून में भारतीय रेलवे बोर्ड की केंद्रीय ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने की साज़िश का खुलासा हुआ है। पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से नकल करने के लिए लाई गई पर्ची बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा में बैठे एक गिरोह के बारे में भी जानकारी दी है, जिसके तार इस पूरे मामले से जुड़े बताए जा रहे हैं।
2 दिसंबर को सहारनपुर रोड स्थित आईकैट सोल्यूशन परीक्षा केंद्र पर रेलवे बोर्ड की ऑनलाइन परीक्षा हो रही थी।
वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर यशवीर (निवासी पुरौला, उत्तरकाशी) के अनुसार, दूसरी पाली के दौरान 22 वर्षीय अभ्यर्थी विवेक, निवासी हरियाणा की हरकतें संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उसके पास से नकल पर्ची मिली, जिसे वह आस्तीन में छिपाकर लाया था।
शिकायत पर लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम 2024 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी विवेक ने बताया कि परीक्षा पास कराने के लिए हरियाणा के एक व्यक्ति शर्मा से उसकी चार लाख रुपये में डील हुई थी।
शर्मा ने उसे परीक्षा केंद्र के बाहर तीन अन्य लोगों से मिलने को कहा।
इन लोगों ने उसके मोबाइल में एक स्पेशल मैसेंजर ऐप डाउनलोड कराया, और उसी ऐप के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर भेजकर उसे एक पर्ची पर लिखवाया। यही पर्ची वह परीक्षा कक्ष में ले गया था।
पटेल नगर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी के अनुसार, यह मामला किसी संगठित नकल गैंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस अब हरियाणा में बैठे मास्टरमाइंड, परीक्षा केंद्र के बाहर मिले तीन लोगों और मैसेंजर ऐप से जुड़े डिजिटल लिंक सभी की जांच गहराई से कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि यह मामला राज्य से बाहर तक फैले नकल गिरोह की ओर संकेत करता है। डिजिटल साइबर सेल की मदद से पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है, और जल्द ही इसमें शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।
