रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में लंबे समय से संचालित हो रहे फर्जी जनसेवा केंद्र का एसटीएफ और पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। सिडकुल में नौकरी दिलाने के नाम पर बाहरी राज्यों के लोगों के नकली आधार, पैन कार्ड और शैक्षिक दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे। छापेमारी के दौरान संचालक चेतन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ टीम ने मछली मार्केट रोड स्थित गंगवार जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल में पिक्सेल लैब ऐप के जरिए दस्तावेजों में नाम-पता बदलकर उनका प्रिंट निकालता था। मौके से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, बायोमैट्रिक स्कैनर और नकदी बरामद हुई।
बरामद सामग्री में 42 आधार कार्ड, 55 पैन कार्ड, 9 हाईस्कूल की अंकतालिकाएं और कई फोटोशीट शामिल हैं। आरोपी बिना लाइसेंस के जनसेवा केंद्र की आड़ में यह अवैध धंधा चला रहा था और ग्राहकों से मोटी रकम वसूलता था।
पूछताछ में पता चला कि सिडकुल की कंपनियों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलने के कारण बाहरी राज्यों के श्रमिक उत्तराखंड के पते वाले फर्जी दस्तावेज बनवाते थे। पुलिस ने केंद्र को सील कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
एसएसपी अजय गणपति ने लोगों से फर्जी दस्तावेज बनवाने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
