नैनीताल/ हल्द्वानी: जिले के नवनियुक्त जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशासनिक प्राथमिकताएं और विकास विज़न साझा किया। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा, पारदर्शिता और जवाबदेही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
डीएम रयाल ने जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए नई पहल की घोषणा करते हुए बताया कि अब हर रविवार को खेल विभाग के कोच शहर के सार्वजनिक मैदानों में युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी और जिले के युवा खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें, इसके लिए प्रशासन पूरा सहयोग देगा।
उन्होंने बताया कि जिले में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत पहुंचाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचे, इसके लिए विभागवार जिम्मेदारी तय कर समीक्षा व निगरानी प्रणाली को सशक्त किया जाएगा। सड़क गड्ढों की समस्या पर डीएम ने कहा कि हल्द्वानी को गड्ढा-मुक्त शहर बनाने के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही, अधिकारियों और जनता के बीच संवादहीनता खत्म कर जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनता से सीधा संवाद कायम रखने के लिए हर गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। डीएम रयाल ने कहा कि उनका लक्ष्य है जनता का विश्वास जीतते हुए पारदर्शी, उत्तरदायी और संवेदनशील प्रशासन स्थापित करना। शहरवासियों ने डीएम रयाल की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि उनके कार्यकाल में हल्द्वानी में सकारात्मक बदलाव और विकास की नई गति देखने को मिलेगी।
