नैनीताल में रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां मैराथन की तैयारी कर रहा एक 19 वर्षीय युवक दौड़ते समय अचानक बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान भूपेंद्र देवली के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी के पाल कॉलेज में एमसीए का छात्र था।

भूपेंद्र रोज़ की तरह सुबह 5:30 बजे अपने मित्र विवेक के साथ भवाली रोड पर दौड़ने निकला था। दौड़ के दौरान कैलाखान के पास अचानक वह ज़मीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके चेहरे पर चोट आई और वह अचेत हो गया। साथी विवेक ने स्थानीय लोगों की मदद से भूपेंद्र को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भूपेंद्र, वन विभाग के कर्मचारी नंदन सिंह देवली का बेटा था और एक होनहार छात्र के रूप में जाना जाता था। बताया गया है कि भूपेंद्र को दौड़ते समय गंभीर हृदयघात (सीरियस हार्ट अटैक) आया, जिसे वह सहन नहीं कर सका।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भूपेंद्र के परिवार में माता-पिता, एक भाई और एक बहन हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।