नैनीताल: नगर के तल्लीताल बाजार में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी कैमरे न होने पर चालान काट दिया। कार्रवाई के बाद व्यापारी भड़क उठे और विवाद इतना बढ़ा कि बाजार बंद कर व्यापारियों ने तल्लीताल डांठ चौराहे पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
करीब ढाई घंटे तक व्यापारी सड़क पर बैठकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस ने कई बार व्यापारियों को हटाने की कोशिश की, लेकिन नाराज़ व्यापारी महिला पुलिसकर्मी को हटाने की मांग पर अड़े रहे।
विवाद बढ़ने पर विधायक सरिता आर्य और पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल भी मौके पर पहुंचीं। व्यापारियों ने एसएसपी से फोन पर बात कर संबंधित महिला एएसआई के तबादले की मांग रखी। एसएसपी के आश्वासन के बाद देर शाम जाकर मामला शांत हो पाया।
सीओ सुमित पांडे ने बताया कि चालानी कार्रवाई को लेकर व्यापारी विरोध में सड़क पर बैठे थे। उनसे वार्ता कर सात दिन के भीतर मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है। तब तक महिला एएसआई किसी भी चालानी कार्रवाई से दूर रहेंगी।
