हल्द्वानी: बड़ी मंडी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले का नैनीताल पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
12 फरवरी 2026 की सुबह मंडी परिसर में युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया था। दोनों के सिर पत्थरों से कुचले गए थे। मृतकों की पहचान शुभम टम्टा निवासी अल्मोड़ा और लक्ष्मी पोखरिया निवासी ओखलकांडा (नैनीताल) के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के लिए गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर समेत सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में थे। कथित तौर पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने पहले शुभम पर हमला किया। बाद में पहचान उजागर होने के डर से लक्ष्मी की भी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के लिए दोनों के सिर पत्थरों से कुचल दिए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी गौरव नेगी के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस टीम को त्वरित खुलासे के लिए 2500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
