उत्तराखंड: कुमाऊं रेंज में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने एक साथ 526 पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए हैं, जिससे पूरे महकमे में हलचल मच गई है।
जारी सूची के अनुसार 23 दरोगा, 9 सहायक उपनिरीक्षक, 92 हेड कांस्टेबल और 357 कांस्टेबलों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें कुछ ऐसे पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जो लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे या अवकाश पर चल रहे थे।
आईजी ने अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ ही पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित कर्मियों को शुक्रवार तक हर हाल में कार्यमुक्त किया जाए। साथ ही इसकी रिपोर्ट भी समय पर भेजने को कहा गया है।
इस बड़े स्तर के तबादले से कई जिलों में पुलिस बल की कमी को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विभाग का मानना है कि इस बदलाव से कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने में सहूलियत मिलेगी।
