नैनीताल: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुखानी और लालकुआं क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 22 तोला सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
कैसे हुआ खुलासा
13 मार्च को मुखानी थाना क्षेत्र में मनोज पाठक के घर में चोरी हुई थी, जिसमें जेवरात और ₹20,000 की नकदी चोरी हो गई थी। इसी प्रकार लालकुआं क्षेत्र में भी चोरी की घटना दर्ज हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को काली मंदिर पुल, गदरपुर के पास से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आबिद हुसैन (38 वर्ष) और राजवीर सिंह (28 वर्ष), निवासी डोंग पुरी, गदरपुर (उधमसिंह नगर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने कई घरों में सेंधमारी करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिपाए गए आभूषण भी बरामद कर लिए।
बरामद जेवरात में सोने की चेन, हार, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठियां, नथ, कंगन और पायल समेत अन्य गहने शामिल हैं, जिनका कुल वज़न 22 तोला है।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नैनीताल ने पूरी टीम को ₹2500 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

