रामनगर: लंबे इंतजार के बाद कार्बेट नेशनल पार्क का बिजरानी जोन और रामनगर वन प्रभाग के तीन पर्यटन जोन पर्यटकों के लिए खोल दिए गए। बुधवार सुबह पर्यटकों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया और उन्हें जंगल सफारी के लिए रवाना किया गया।
बता दें कि 30 जून से मानसून के चलते सभी जोन पर्यटकों के लिए बंद थे। अब मौसम अनुकूल होते ही पर्यटन गतिविधियाँ फिर से शुरू हो गई हैं।
बुधवार सुबह छह बजे आमडंडा गेट पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर कार्बेट उपनिदेशक राहुल मिश्रा, एसडीओ बिजरानी अमित ग्वासाकोटी और रेंजर नवीन चंद्र पांडे मौजूद रहे। कर्मचारियों ने पर्यटकों का लड्डू खिलाकर स्वागत किया।
सुबह की पाली में 30 जिप्सियों में सवार होकर पर्यटक जंगल सफारी के लिए रवाना हुए।
अन्य जोनों में भी शुरू हुई गतिविधियाँ
रामनगर वन प्रभाग के सीतावनी जोन में 60 में से केवल पांच जिप्सियों ने सफारी की शुरुआत की, जबकि कोटा भंडारपानी गेट पर भी यही स्थिति रही।
वहीं पवलगढ़ गेट से 60 जिप्सियों में पर्यटक जंगल सफारी पर निकले, जहां रेंजर रमेश चंद्र ध्यानी ने पर्यटकों का माला पहनाकर स्वागत किया।
इसके साथ ही पैदल भ्रमण के लिए कालाढूंगी स्थित कार्बेट फॉल और बराती रौ पर्यटन स्थल भी आम जनता के लिए खोल दिए गए हैं।
हालांकि पहले दिन किसी भी पर्यटक को बाघ नजर नहीं आया, लेकिन जंगल की खूबसूरती और प्राकृतिक माहौल ने सभी का मन मोह लिया। दोपहर की पाली में भी पर्यटक सफारी के लिए जाएंगे।
