हल्द्वानी/ लालकुआं: लालकुआं–रुद्रपुर मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक काम से लौटकर घर जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के टायरों के नीचे आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान साजिद पुत्र अबरार हुसैन, निवासी राजीव नगर बंगाली कॉलोनी, लालकुआं के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान बाइक और मोबाइल से की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे की खबर से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। पंतनगर क्षेत्राधिकारी डी.आर. वर्मा ने बताया कि फरार चालक को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
