ल्द्वानी: शहर में रैश ड्राइविंग की बढ़ती घटनाओं के बीच गुरुवार देर रात एक और मामला सामने आया। कृष्णा अस्पताल के सामने तेज रफ्तार बाइक सवार ने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हरभजन सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डॉक्टर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शुक्रवार को नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर डॉ. हरभजन सिंह का हालचाल भी जाना। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक सवार को तेज रफ्तार में आते और टक्कर मारकर भागते हुए देखा जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने ठंडी सड़क और अन्य आंतरिक मार्गों पर देर रात स्टंटबाजी और ओवरस्पीडिंग की शिकायतें दोहराई हैं। उनका कहना है कि पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई के अभाव में स्थिति बनी हुई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि शहर में रैश ड्राइविंग और स्टंटबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठंडी सड़क समेत संवेदनशील मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे। परिवहन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाएंगे। बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और ओवरस्पीडिंग पर सख्त चालान किए जाएंगे।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रैश ड्राइविंग की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
