रुद्रपुर उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज तहसील क्षेत्र के शक्तिगढ़ में एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। रविवार को राजस्व विभाग, पशुपालन विभाग, नगर निकाय और पुलिस की संयुक्त टीम ने फार्म की 1,708 मुर्गियों का वध कर उन्हें दफनाया।
इसके बाद फार्म को पशुपालन मंत्रालय, भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सैनिटाइज किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आसपास के क्षेत्रों में मुर्गी पालकों की नियमित स्क्रीनिंग ड्राइव चलाने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 21 अगस्त को शक्तिगढ़ स्थित पोल्ट्री फार्म में अचानक बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत की सूचना मिली थी। मृत मुर्गियों के सैंपल भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भेजे गए, जहां 23 अगस्त को बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई।
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्रभावित फार्म को केंद्र मानकर 1 किमी क्षेत्र को संक्रमित और 10 किमी क्षेत्र को सतर्कता जोन घोषित किया है। अगले तीन महीने तक इस दायरे में निगरानी अभियान चलाया जाएगा। संस्थान से निगेटिव रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस क्षेत्र को “बर्ड फ्लू मुक्त” घोषित किया जाएगा।
