देहरादून : देहरादून और आसपास के इलाकों में एलपीजी गैस को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के कारण गैस सप्लाई को लेकर लोगों में डर का माहौल है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग जमाखोरी और कालाबाजारी में जुट गए हैं।
इसी कड़ी में एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने रुड़की में बड़ी कार्रवाई करते हुए 101 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। यह छापेमारी “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई, जिसमें साउथ सिविल लाइंस इलाके में एक ही जगह पर इतने बड़े पैमाने पर सिलेंडर छिपाकर रखे गए थे।
जांच में सामने आया कि इन सिलेंडरों को अवैध तरीके से जमा किया गया था और घरेलू गैस को चोरी-छिपे होटल और ढाबों में कमर्शियल इस्तेमाल के लिए ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। मौके पर पहुंची खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गैस की कमी की खबरों के बीच कुछ लोग इस मौके को कमाई का जरिया बनाने में लगे हुए हैं। एसटीएफ को पहले ही इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिल गई थी, जिसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान जिस स्थान से सिलेंडर बरामद हुए, वहां का संचालक जयवीर मौके पर नहीं मिला। फिलहाल उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
