भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट
नैनीताल/भीमताल: कुमाऊं मंडल को जल्द ही एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिलने वाली है। भवाली के पास स्थित गेठिया सेनिटोरियम में 44 करोड़ की लागत से 97 बेड का अत्याधुनिक मानसिक चिकित्सालय तेजी से तैयार हो रहा है। शुक्रवार को भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने विभागीय अधिकारियों के साथ अस्पताल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
2026 के अंत तक जनता को मिलेगा लाभ
कार्यदायी संस्था ने ब्लॉक प्रमुख को बताया कि
अभी तक करीब 60% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, और वर्ष 2026 के अंतिम तक अस्पताल पूरी तरह तैयार कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
डॉ. बिष्ट ने कहा कि यह अस्पताल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट की कुमाऊं के लिए बड़ी सौगात है। इसके बन जाने से कुमाऊं के लोगों को मानसिक स्वास्थ्य उपचार के लिए अब दूर शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में पानी की कोई व्यवस्था न होने पर ब्लॉक प्रमुख ने तत्काल विभागों को निर्देश दिए कि सेनिटोरियम में बोरिंग कराई जाए और ग्राम गेठिया की पानी की किल्लत भी इस प्रोजेक्ट के माध्यम से दूर की जाए।
जल निगम, जल संस्थान और ब्रिडकुल के अधिकारियों को स्थल चयन कर प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
डॉ. बिष्ट ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप, उच्च गुणवत्ता के साथ, और समय सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि समय-समय पर निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग करते रहेंगे ताकि किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख कार्य की गुणवत्ता से संतुष्ट दिखाई दिए।
स्थानीय स्तर पर मिलेगा मानसिक स्वास्थ्य का आधुनिक इलाज
97 बेड वाले इस अस्पताल में आधुनिक उपचार सुविधाएँ, अनुभवी विशेषज्ञ और बेहतर थेरेपी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। यह अस्पताल कुमाऊं का पहला पूर्ण विकसित मानसिक चिकित्सालय होगा।
निरीक्षण के समय उपस्थित रहे:
अजय कुमार, विक्की कुमार, कुंदन जीना, राजू बिष्ट, नवीन बिष्ट, कमल, सहायक अभियंता ब्रिडकुल नर्याल, जल संस्थान, जल निगम, स्वास्थ्य विभाग एवं ब्लॉक कार्यालय के कर्मचारी।
