पौड़ी: ब्लॉगर ज्योति अधिकारी शुक्रवार को अंकिता भंडारी के गांव डोभ श्रीकोट पहुंचीं। यहां उन्होंने अंकिता के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने बताया कि वह पहले भी अंकिता के स्वजनों से मिलने की इच्छा रखती थीं, लेकिन कुछ कारणों से यह संभव नहीं हो पाया।
ज्योति अधिकारी ने अंकिता के माता-पिता की तहरीर पर सीबीआई जांच का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। गांव में उन्होंने अंकिता की मां सोनी देवी से मुलाकात की और कहा कि उनकी तबीयत काफी खराब चल रही है। इस दौरान उन्होंने परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी। बताया कि यह राशि सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों के सहयोग से एकत्र की गई थी, जिसे अब परिवार को सौंपा गया है।
ज्योति अधिकारी ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की आवाज उठाने पर उन्हें छह दिन जेल में रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिजन पिछले चार साल से इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना था कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए वह और उनके साथ जुड़े लोग आगे भी हरसंभव मदद करते रहेंगे।
