देहरादून: प्रेमनगर क्षेत्र में कॉलेज के छात्रों के बीच पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक रूप ले बैठी। बीटेक और अन्य कोर्स के छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात केहरी गांव में कुछ युवकों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने से पहले ही घायल छात्र को उसके साथी प्रेमनगर स्थित अस्पताल ले गए थे। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना, निवासी मुजफ्फरनगर, को दून अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस की व्यवस्था न होने पर पुलिस ने मानवता दिखाते हुए अपने वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया।
दून अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में परिजनों की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के छात्र एक ही निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं और कॉलेज में वर्चस्व को लेकर उनके बीच पहले से तनाव चल रहा था। इसी तनाव ने 23 मार्च की रात हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुल 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कॉलेज परिसर में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।
