हल्द्वानी: नैनीताल, कैंची धाम, भवाली और रामनगर में बढ़ते ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत देने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक मास्टर प्लान तैयार कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में दिए गए निर्देशों के बाद यातायात विभाग ने नई रणनीति पर तेजी से काम शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा ने 29 नवंबर 2025 को हल्द्वानी में क्रेन संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में हल्द्वानी, नैनीताल, भवाली, कैंची धाम और रामनगर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक सुधारने के लिए PPP मॉडल पर क्रेन संचालन को लागू करने पर सहमति बनी। यह कदम फंसे हुए वाहनों को जल्द हटाने और सड़कों को अवरुद्ध होने से बचाने में महत्वपूर्ण होगा।
बैठक में यह भी तय हुआ कि भारी क्रेनें शहर के मुख्य मार्गों पर नहीं चलेंगी, बल्कि उन्हें गोला बाईपास जैसे वैकल्पिक मार्गों से चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर के भीतर ट्रैफिक पर दबाव न बढ़े।
गोष्ठी में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ सिटी अमित कुमार, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा और क्रेन संचालक मौजूद रहे। पुलिस का मानना है कि नए प्लान के लागू होने से प्रमुख शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
