अल्मोड़ा: सोमेश्वर तहसील के रस्यारागांव में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव की महिलाएं घास काटने जा रही थीं। दीपक पांडे के घर के पास बने सीमेंट के कूड़ेदान के नजदीक गांव के विकलांग युवक कुंदन राम (43) पुत्र नरराम का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शव देखते ही गांव में दहशत फैल गई और परिजन मौके पर पहुंच गए।
मृतक के भाई संतोष राम और हरीश राम ने बताया कि कुंदन 18 जनवरी से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। शनिवार को अचानक शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का कहना है कि कुंदन के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं, वहीं दोनों हाथों की उंगलियों और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें दिखाई दे रही हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला उपचिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव को अल्मोड़ा मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया गया कि कुंदन राम पूर्व में बिजली के करंट की चपेट में आकर एक हाथ गंवा चुका था। इसके बावजूद वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो बेटियां और एक बेटा हैं, जो सभी नाबालिग हैं।
गांव में युवक का शव मिलने से लोग डरे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
