नैनीताल: नैनीताल जिले में हो रही लगातार भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। नदी-नाले खतरनाक स्तर पर बह रहे हैं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है। सोमवार देर रात कालाढूंगी थाना क्षेत्र के घरुडी बरसाती नाले में एक बोलेरो वाहन तेज बहाव में बह गया। वाहन में सवार तीन युवकों में से दो—दीपू कुनियाल और आनंद सिंह बिष्ट—को स्थानीय ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तीसरा युवक दीपक रस्तोगी तेज बहाव में लापता हो गया है।
यह हादसा रात करीब 11:30 बजे उस समय हुआ जब तीनों युवक कोटाबाग से पतलिया लौट रहे थे। नाले को पार करते समय बोलेरो पानी के तेज बहाव में बह गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। लेकिन अंधेरे और पानी के तेज बहाव के कारण तुरंत राहत कार्य में सफलता नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह से लापता युवक की खोजबीन दोबारा शुरू कर दी गई है। वाहन भी बहकर काफी दूर तक चला गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि क्षेत्र में नदियाँ और नाले उफान पर हैं। चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद कुछ लोग जोखिम उठाकर पानी पार कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि बरसात के दौरान नाले और उफनती नदियों को पार करने से बचें, ताकि ऐसे हादसे टाले जा सकें।
