नैनीताल: बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला इन दिनों सरोवर नगरी नैनीताल में अपने परिवार के साथ घूमने आई हैं। उन्होंने झील की ठंडक, पहाड़ों की शांति और अपने बचपन की यादों के बीच सुकून भरे पल बिताए।
नैनी झील में नौकायन करते समय उर्वशी को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। फैन्स ने उनसे फोटो और सेल्फी लेने की कोशिश की। उर्वशी ने भी मुस्कुराकर लोगों से मुलाकात की और बच्चों के साथ कुछ वक्त बिताया।
उन्होंने बताया कि वह इस बार नैनीताल एक शूटिंग प्रोजेक्ट के सिलसिले में आई हैं। उर्वशी ने कहा —
जब भी यहां आती हूं तो झील में नौका विहार किए बिना नहीं रह पाती। मेरी मां का जन्म नैनीताल में हुआ था और मेरा भी बचपन यहीं बीता है। यहां आकर पुरानी यादें ताजा हो गईं।
नैनीताल आने से पहले उर्वशी ने अल्मोड़ा के बाबा जागेश्वर धाम, चितई मंदिर और नीम करोली महाराज के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखकर मन श्रद्धा और भक्ति से भर गया।
नैनीताल में उर्वशी ने भोटिया मार्केट में शॉपिंग की, यहां के मशहूर मोमोज खाए और सिंगोरी व बाल मिठाई जैसी पहाड़ी मिठाइयों का स्वाद लिया। वहीं जब उनसे भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत से जुड़े सवाल पूछे गए तो उन्होंने मुस्कुराकर जवाब देने से मना कर दिया।
