नैनीताल: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बरसात के बीच पहाड़ दरकने और बोल्डरों के गिरने से हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। सोमवार को नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम तल्ली पोखरी चकसैदला में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया।
ग्राम पंचायत पोखरी की सरपंच चंपा देवी, पत्नी दिनेश चंद्र पोखरिया, सुबह घास काटने पास के जंगल गई थीं। तभी अचानक ऊपर से भारी पत्थर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीण और परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
चंपा देवी की आकस्मिक मृत्यु से पूरा गांव गहरे सदमे में डूब गया। वह न केवल एक सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता थीं, बल्कि एक लोकप्रिय सरपंच के रूप में भी जानी जाती थीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी इलाकों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा उपाय किए जाने की बात कही है।
इस दर्दनाक हादसे ने मृतका के परिवार और पूरे क्षेत्र में कोहराम मचा दिया है।
