नैनीताल। लगातार दो दिनों से जारी बारिश ने नंदा देवी मेले की रौनक फीकी कर दी है। खराब मौसम के चलते लोग मेले में खरीदारी के लिए नहीं पहुँच पा रहे, जिससे दुकानदारों पर नुकसान का साया मंडराने लगा है। अगर आने वाले दिनों में भी आसमान साफ नहीं हुआ तो यह नुकसान और बढ़ सकता है।
बारिश के चलते झूला संचालक भी परेशान हैं। पिछले दो दिनों से एक भी झूला नहीं चल पाया, जिससे उनकी कमाई पूरी तरह ठप हो गई है। वहीं दुकानों के भीतर पानी घुसने से पहले से महंगाई की मार झेल रहे कई व्यापारियों का सामान भी भीग चुका है।
हालांकि मेले की अवधि 5 सितंबर तक तय है, लेकिन मौसम की मार देखते हुए आयोजक इसे एक-दो दिन आगे बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं। इस बीच, बारिश के बीच ही पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल और सभासद मनोज जगाती ने मौके पर पहुँचकर हालात का जायजा लिया।
