बागेश्वर: गरुड़ तहसील में तैनात एक राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) की रिश्वतखोरी शनिवार को सामने आ गई। विजिलेंस टीम ने पटवारी प्रवीण सिंह टाकुली को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता मनोज सिंह का भूमि संबंधी कार्य पटवारी के पास लंबित था। आरोप है कि पटवारी लगातार उस काम को निपटाने के बदले अवैध रूप से रुपये मांग रहा था। कई बार रिश्वत की मांग किए जाने के बाद मनोज ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से कर दी।
विजिलेंस टीम ने शनिवार को ट्रैप लगाया। जैसे ही प्रवीण सिंह टाकुली ने शिकायतकर्ता से ₹5,000 की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
