नैनीताल। उत्तराखंड सरकार में पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल और कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि भारत का लोकतंत्र इतना मजबूत है कि नेपाल जैसी परिस्थितियाँ यहां कभी उत्पन्न नहीं हो सकतीं। उन्होंने कहा कि भारत के शहीदों ने केवल राज्य निर्माण की ही नहीं बल्कि विकास की लड़ाई लड़ी थी, लेकिन आज प्रदेश के सामने नशे का खतरा एक गंभीर समस्या बनकर खड़ा है।
कैबिनेट मंत्री रविवार को नैनीताल पहुंचे, जहां भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत के 138वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने पंत पार्क स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। इस दौरान बहुगुणा ने मंच से संबोधित करते हुए राज्यवासियों से एकजुट होकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज और परिवार को नशे के खिलाफ स्वयं मोर्चा खोलना होगा, तभी प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रह सकता है।
मंत्री बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश के सीमावर्ती जिले पूरी तरह सुरक्षित हैं और केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार मिलकर लगातार उन पर निगरानी बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि नेपाल से लगी सीमाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
युवाओं से अपील करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी नशे से दूरी बनाकर खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर हो। उन्होंने कहा – नशा हमारे समाज और आने वाली पीढ़ियों को खोखला कर रहा है। यदि युवा वर्ग और आम जनता स्वयं आगे आकर इस लड़ाई को लड़ें, तभी हम इस समस्या से मुक्ति पा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री बहुगुणा ने सभी से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन से प्रेरणा लेने और उत्तराखंड को प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
