अल्मोड़ा : जिला से एक हृदय विदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां गहरी खाई में कार गिरने से 11 महीने के मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसा ताकुला मोटर मार्ग पर चुराड़ी और महेंद्रा क्लब के बीच हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली नंबर की कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार सभी लोग बागेश्वर जिला के निवासी बताए जा रहे हैं। वे झिझाड़ गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद वापस दिल्ली लौट रहे थे।
इस दर्दनाक हादसे में 11 माह के रेहान की मौके पर ही मौत हो गई। उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वहीं मंजू देवी (44) और दिनेश राम (50) ने भी दम तोड़ दिया। अन्य पांच घायलों को तत्काल उपचार के लिए ताकुला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और बेस अस्पताल अल्मोड़ा में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पहाड़ी मोड़ पर वाहन के नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे के बाद परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

