अल्मोड़ा: कोतवाली अल्मोड़ा में तीन लोगों के खिलाफ मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) का जाली प्रमाण पत्र, मोहर और फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर बैंक से ऋण लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में दिनेश नेगी, निवासी ग्राम जैचोली, ने बताया कि सुनील सिंह कठायत और कपिल धपोला ने स्वास्थ्य जांच से संबंधित ऋण फर्जी तरीके से प्राप्त किया। इसके लिए उन्होंने सीएमओ अल्मोड़ा का जाली प्रमाण पत्र तैयार किया और फर्जी हस्ताक्षर तथा मोहर का इस्तेमाल किया।
नेगी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी फर्म जय गोलू ट्रेडर्स के नाम से भी जाली कोटेशन, बिल और प्रमाण पत्र बैंक में जमा किए, जबकि उनका उनसे कोई संबंध नहीं था। उन्होंने संदेह जताया कि धिरेंद्र सिंह गैलाकोटी भी इस मामले में शामिल हो सकता है, जो पहले उनके कार्यालय और घर पर आता-जाता था।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने पुष्टि की कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
