नैनीताल: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), नैनीताल ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छोत्सव 2025 की शुरुआत की। यह अभियान देशभर में चल रहे स्वच्छ भारत मिशन का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज को स्वच्छता से जोड़ना है।
सीबीसी नैनीताल की नोडल अधिकारी श्रद्धा गुरुरानी तिवारी ने बताया कि सभी कार्मिकों ने हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में सफाई कार्य किया। सबसे पहले मंदिर के मुख्य द्वार से पार्क तक की सड़क की सफाई की गई। इसके बाद पार्क में बिखरे कचरे को एकत्र कर निस्तारित किया गया। तत्पश्चात मंदिर से शीतला देवी माता मंदिर तक के रास्ते की झाड़ियों को साफ कर कूड़े का निपटारा किया गया।

क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरजभट्ट ने बताया कि इस वर्ष स्वच्छोत्सव की थीम ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ रखी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 25 सितंबर 2025 को सीबीसी नैनीताल द्वारा एक दिन, एक घंटा, एक साथ के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया जाएगा। अभियान का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता से जोड़कर इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।
सफाई अभियान के दौरान सीबीसी नैनीताल के कलाकारों ने स्वच्छता गीत साफ सुधरी जमी हवा तो, देश अपना स्वस्थ रहेगा का गायन कर सभी में स्वच्छता का संदेश फैलाया। अभियान में आनंद सिंह, गोपेश बिष्ट, शर्मिष्ठा, दीपा, शोभा, भास्कर, दीवान सिंह, राजेश, भूपेंद्र जड़ौत सहित अन्य लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे।
सीबीसी नैनीताल ने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर देश को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।
