उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के 6 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में तेज गर्जन के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, चमोली जिले में हिमस्खलन (एवलांच) की चेतावनी ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के डीजीआरई चंडीगढ़ सेंटर ने चेतावनी जारी की है कि चमोली जिले के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटे में हिमस्खलन हो सकता है। इसके अलावा, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फीले खतरे की संभावना है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं और बर्फबारी वाले क्षेत्रों में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 5 मार्च से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने की संभावना है। चटक धूप के साथ तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई गई है।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को ऊंचाई वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है। साथ ही, आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।