देहरादून: राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के सभी कार्मिकों को विशेष ‘रजत जयंती पदक’ प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित रैतिक परेड समारोह में यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर पुलिस विभाग से जुड़ी चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस बल की बेहतरी और आवासीय सुविधाओं के लिए अगले तीन वर्षों तक 100 करोड़ रुपये की राशि जारी की जाएगी। इसके अलावा, एसडीआरएफ के लिए पांच नए बैरकों का निर्माण कराया जाएगा और पुलिस कल्याण नीति के तहत सहायता राशि 2.5 करोड़ से बढ़ाकर 4.5 करोड़ रुपये कर दी गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सीमाएं अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं से जुड़ी हैं, जिससे राज्य की सुरक्षा जिम्मेदारी और चुनौती दोनों बढ़ जाती हैं। ऐसे में राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में ड्यूटी के दौरान चार पुलिसकर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। देशभर में इस वर्ष 186 पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं, जिन्हें पूरे देश में श्रद्धांजलि दी जा रही है।
