file photo
उत्तराखंड/देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और कई विकास कार्यों को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांचवें केंद्रीय वेतनमान पर वेतन पा रहे सार्वजनिक निकायों और उपक्रमों के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2025 से 455 प्रतिशत से बढ़ाकर 466 प्रतिशत करने की घोषणा की है। वहीं, छठवें केंद्रीय वेतनमान पर वेतन पा रहे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 246 प्रतिशत से बढ़ाकर 252 प्रतिशत कर दिया गया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए भी वित्तीय स्वीकृति दी है। पिथौरागढ़ के निर्माणाधीन जिला कारागार में अतिरिक्त आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 417.72 लाख और उपकारागार रुड़की में नए अतिरिक्त आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 251.49 लाख की धनराशि मंजूर की गई है।
धारचूला क्षेत्र के रालम गांव के किलातम में चैकडाम निर्माण के लिए 95.49 लाख स्वीकृत किए गए, जिसमें से पहली किश्त के रूप में 57.29 लाख की राशि जारी की जाएगी। वहीं, चम्पावत जिले के चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में हनुमान मंदिर मेला स्थल लधौली, ऐड़ी मेला स्थल कालूखाण और फुटलिंग कालूखाण के सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 81.50 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 48.90 लाख की पहली किश्त जारी होगी।
