देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के तहत हल्द्वानी-अल्मोड़ा और पिथौरागढ़-मुनस्यारी हेली सेवाओं का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं की शुरुआत से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन सुगम होगा और पर्यटन के साथ-साथ आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध नगर हैं बल्कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता और मंदिरों के लिए देश-दुनिया के पर्यटकों का आकर्षण भी बने रहते हैं।
हेली सेवा से हल्द्वानी से अल्मोड़ा की यात्रा, जो अब तक 3-4 घंटे में होती थी, कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाएगी। इसी प्रकार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की 5-6 घंटे की लंबी यात्रा अब मिनटों में संभव होगी। मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी उड़ान योजना का परिणाम बताया और कहा कि इस योजना से उत्तराखंड में हवाई संपर्क मज़बूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में अब तक 12 हेलीपोर्ट्स से सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं और गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मसूरी, मुनस्यारी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को हेली सेवाओं से जोड़ा जा चुका है। भविष्य में अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी इनसे जोड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि नई हेली सेवाएं सप्ताह में सातों दिन और दिन में दो बार संचालित होंगी। यात्रियों को मात्र ₹2500 में टिकट उपलब्ध होगा, जिसकी ऑनलाइन बुकिंग airheritage.in के माध्यम से की जा सकती है।
कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, सीईओ युकाडा आशीष चौहान, आयुक्त कुमाऊँ दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
