file photo
उत्तराखंड: उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती समारोह के अंतर्गत गुरुवार को हल्द्वानी में राज्य स्तरीय सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम एमबी इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे।
बुधवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में आने वाले पूर्व सैनिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री ने कहा कि आगंतुकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल, भोजन, शौचालय और पार्किंग की पर्याप्त सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
गणेश जोशी ने बताया कि सैनिक सम्मेलन का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देना है। कार्यक्रम में वीर नारियों का सम्मान भी किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, डीएम ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेनि) रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को रजत जयंती के अवसर पर हल्द्वानी पहुंचेंगे। सूचना विभाग के अनुसार, वे सुबह 10:55 बजे आर्मी हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे और एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे हल्द्वानी से रवाना होकर नगर वन, रामनगर में आयोजित जन वन महोत्सव में शामिल होंगे। धामी रामनगर डिग्री कॉलेज में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी प्रतिभाग करेंगे।
