उत्तराखंड: एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ों में बादल सक्रिय हो गए हैं और कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फ गिर सकती है। विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।
नैनीताल जिले में सुबह से बादलों की आवाजाही बनी हुई है। हल्द्वानी में हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जिससे मौसम में बदलाव साफ नजर आ रहा है।
राजधानी देहरादून में भी आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
19 फरवरी को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। 20 और 21 फरवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिर सकता है और रास्तों पर फिसलन की स्थिति बन सकती है।
