देहरादून: होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी खरीद से जुड़े घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़ा है। टेंडर प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की शिकायत सामने आने के बाद महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा की ओर से शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री ने यह सख्त फैसला लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि विभाग में अफसरों और ठेकेदारों की मिलीभगत से एक करोड़ रुपये के सामान का भुगतान करीब तीन करोड़ रुपये दिखाकर किया गया। आरोप है कि 500 रुपये के जूते 1500 रुपये में, 130 रुपये के डंडे 375 रुपये में और 1200 रुपये की पेंट-शर्ट 3000 रुपये में खरीदी गई। जांच में बाजार भाव और टेंडर रेट में भारी अंतर सामने आया।
घोटाले का खुलासा तब हुआ, जब नए डीजी पीवीके प्रसाद ने पुराने रेट पर जारी टेंडर को संदेह के आधार पर रद्द कराया। इसके बाद जांच कराई गई, जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि हुई। डीजी ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कराने, दो करोड़ रुपये की रिकवरी और सेवा से बर्खास्तगी की संस्तुति शासन को भेजी थी।
अब मुख्यमंत्री के आदेश के बाद अमिताभ श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
