रामनगर : कालाढूंगी विधानसभा के कोटाबाग क्षेत्र में आयोजित घोड़ा लाइब्रेरी पहाड़ पंछ्याण महोत्सव 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा और नैनीताल जनपद के लिए 114 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही घोड़ा लाइब्रेरी ‘पहाड़ पंछ्याण’ महोत्सव के लिए 91 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। नैनीताल में पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण को भी राज्य योजना के तहत मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी–कोटाबाग क्षेत्र में सड़कों और पुलों से जुड़ी कई योजनाओं की घोषणा की। राजकीय प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर से राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ होते हुए कालाढूंगी मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को 380.88 लाख रुपये की लागत से स्वीकृति मिली। वहीं कोटाबाग विकासखंड के ग्राम वालाकोट (भाटलानी) स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य का 104.56 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा निगम नल वाला मार्ग के पुनर्निर्माण और शुभम के घर से सुरेश भट्ट के घर तक नए मार्ग निर्माण के लिए 183.47 लाख रुपये का शिलान्यास हुआ। कोटाबाग–रामनगर–कालाढूंगी–हल्द्वानी–काठगोदाम मार्ग पर निहाल नदी में 24 मीटर स्पान के आरसीसी पुल निर्माण के लिए 319.20 लाख रुपये की योजना शुरू की गई। हल्द्वानी ब्लॉक में आईटीआई क्रॉसिंग से रामपुर रोड और सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज के पास नहर कवरिंग के बाद सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए 2374 लाख रुपये का शिलान्यास किया गया।
अन्य योजनाओं में विधानसभा कॉलोनी के रमणीक राम सिंह मुख्य मार्ग, ग्राम फूलचौड़ में तुलसी विहार मार्ग, काठगोदाम में 33/11 केवी उपकेंद्र व विद्युत लाइनें, हल्द्वानी जयपुर पेंडल और आईटीआई डहरिया की विद्युत परियोजनाएं तथा राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में चारदीवारी, फेंसिंग और मैदान का समेकन कार्य शामिल है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कृति और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। उन्होंने संकल्प फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि घोड़ा लाइब्रेरी जैसे आयोजन पहाड़ की लोकसंस्कृति और ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से राज्य में शीतकालीन यात्रा की शुरुआत हुई, जिससे उत्तराखंड को नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतकालीन यात्रा, विंटर फेस्ट और अन्य मेलों से अब पर्यटन सालभर सक्रिय रहेगा। पहले सर्दियों में कारोबार ठप हो जाता था, लेकिन अब राज्य की अर्थव्यवस्था को लगातार गति मिलेगी। कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कानून से ऊपर कोई नहीं है और कानून तोड़ने या अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
