नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आरएसएस से जुड़े विद्या भारती स्कूल पहुंचकर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्या भारती का योगदान सराहनीय है। साथ ही प्रस्तावित विश्वविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार स्कूल में आयोजित हुआ। यहां मुख्यमंत्री ने जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण योजना के तहत छात्रों को ‘नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगे’ का संदेश देते हुए नमामि गंगे की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने विद्यालय सभागार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।
‘स्वच्छ उत्सव – स्वच्छता ही सेवा है 2025’ कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान छात्रों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और मंच पर मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान हुआ।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के लिए हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई है। आपदाओं को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य में समय-समय पर आने वाली प्राकृतिक चुनौतियों के पूर्वानुमान और नुकसान को कम करने के प्रयास लगातार जारी हैं। वहीं, अवैध धार्मिक निर्माणों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पुराने निर्माण हटाए जा रहे हैं और नए निर्माण पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
