file photo
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में निर्माण और नव-निर्माण कार्यों में अब तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि मानसून समाप्त हो चुका है, ऐसे में अब धरातल पर तेजी से काम होना चाहिए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि सभी सड़कें निर्धारित समय सीमा में गड्ढा मुक्त की जाएं। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जिन क्षेत्रों से बार-बार सड़क संबंधी शिकायतें आती हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने और 31 अक्टूबर तक पैचवर्क पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज पांडेय, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते एवं अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।
