नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान स्थानीय लोगों, पर्यटकों और स्कूली बच्चों से मुलाकात की। पूरे दौरान माहौल आत्मीय रहा और लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। वॉक के दौरान सीएम धामी स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर भी रुके और वहाँ की चाय का स्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद मानस खंड मिशन के अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मंदिर क्षेत्र को अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए ₹11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से परिसर में नए सौंदर्यीकरण कार्य, मार्ग सुधार, प्रकाश व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण संरचनात्मक विकास तेजी से प्रगति पर हैं।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मिशन से जुड़े अन्य विकास कार्यों की स्थिति पर भी अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इसमें डीएसए मैदान के सुधार कार्य, वलिया नाला का पुनर्विकास, तथा ठंडी सड़क पर भूस्खलन निरोधक कार्य शामिल रहे। उन्होंने संबंधित विभागों को इन परियोजनाओं की गति तेज़ करने और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

