देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता की भावनाओं और उनके अनुरोध का सम्मान करते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की संस्तुति दे दी है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सरकार की मंशा शुरू से ही निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से न्याय सुनिश्चित करने की रही है और आगे भी यही प्राथमिकता रहेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक थी। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने बिना किसी देरी के कार्रवाई की और मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरू से ही इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मामले में सभी अभियुक्तों को समय रहते गिरफ्तार किया गया और राज्य सरकार की ओर से अदालत में मजबूत पैरवी की गई। इसी का परिणाम रहा कि विवेचना और ट्रायल के दौरान किसी भी अभियुक्त को जमानत नहीं मिल सकी। एसआईटी की गहन जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई और निचली अदालत में सुनवाई पूरी होने के बाद तीनों अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार ने आरंभ से अंत तक निष्पक्षता, पारदर्शिता और दृढ़ता के साथ न्याय सुनिश्चित किया। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ ऑडियो क्लिप्स को लेकर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं और उनकी जांच की प्रक्रिया लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार किसी भी तथ्य या साक्ष्य की अनदेखी नहीं करेगी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अंकिता केवल एक पीड़िता नहीं थी, बल्कि वह हमारी भी बहन और बेटी थी।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हाल ही में उन्होंने स्वयं अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की थी। बातचीत के दौरान माता-पिता ने मामले की सीबीआई जांच कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता के माता-पिता की इस मांग और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोहराया कि राज्य सरकार पहले भी न्याय के लिए प्रतिबद्ध थी और आगे भी पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए संकल्पबद्ध रहेगी।
