नैनीताल: नैनीताल भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए रेन बसेरों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि ठंड के इस मौसम में किसी भी जरूरतमंद या बेघर व्यक्ति को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिए कि रेन बसेरों में पर्याप्त व्यवस्था, गर्म बिस्तर, रोशनी और सुरक्षा की स्थिति का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि असहाय लोगों को तत्काल कंबल उपलब्ध कराए जाएं और शहरों व प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सक्रिय टीमें निगरानी करके जरूरतमंदों को राहत पहुंचाएं।
इसके साथ ही सीएम धामी ने शाम के समय अलाव जलाने की व्यवस्था को नियमित रूप से मॉनिटर करने, आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने और वितरण की दैनिक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतलहर के इस दौर में सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि हर नागरिक तक ठंड से बचाव और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था पहुंच सके।
