हल्द्वानी: गौलापार बाईपास पर रविवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रहा छोटा हाथी वाहन अचानक यू-टर्न के पास आगे चल रही फॉर्च्यूनर कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटे हाथी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की वजह यू-टर्न की चेतावनी लाइट का खराब होना बताई जा रही है। लंबे समय से यह लाइट बंद पड़ी थी, जिससे चालक समय रहते मोड़ को देख नहीं सका। फॉर्च्यूनर चालक ने जब अचानक ब्रेक मारे तो पीछे से आ रहा छोटा हाथी सीधा कार में जा घुसा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 और 100 नंबर पर कॉल कर मदद मांगी, लेकिन करीब 40 मिनट तक कोई सहायता नहीं पहुंची। इस दौरान घायल चालक सड़क पर तड़पता रहा और राहगीरों से मदद की गुहार लगाता रहा। आखिरकार एक प्राइवेट एंबुलेंस संचालक ने मानवता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास पर एनएचएआई की लापरवाही के कारण कई जगह चेतावनी लाइटें और सिग्नल लंबे समय से खराब हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सभी यू-टर्न लाइटों की मरम्मत और स्थायी पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है।
