हल्द्वानी: कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने बुधवार को अपना जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया। उन्होंने हल्द्वानी-बरेली रोड, मोतीनगर हाथीखाल स्थित कुष्ठ आश्रम पहुंचकर वहां के निवासियों संग यह विशेष दिन बिताया। इस दौरान उन्होंने मिठाई बांटी और वस्त्र वितरित किए।
आश्रम के 23 महिलाओं, 9 पुरुषों और बच्चों से बातचीत करते हुए आयुक्त ने उनकी समस्याएं सुनीं। निवासियों ने भवन मरम्मत और अन्य आवश्यक सुविधाओं की मांग रखी। वहीं, एक व्यक्ति द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की मांग पर उन्होंने तत्काल सीएमओ को निर्देश दिए कि संबंधित व्यक्ति का कार्ड शीघ्र बनाया जाए।
सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने बताया कि आश्रमवासियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। इस मौके पर तहसीलदार मनीषा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
आयुक्त दीपक रावत ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं आने दी जाएगी। आश्रमवासियों ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
