नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत बुधवार शाम नैनीताल पहुंचे, जहाँ उन्होंने श्री मां नैना देवी मंदिर में आयोजित नंदा सुनंदा महोत्सव की सांयकालीन आरती में भाग लेकर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। दीपक रावत ने कहा कि नंदा महोत्सव के दौरान पूरा नैनीताल नगर एक अद्भुत और दर्शनीय वातावरण में डूब जाता है। उन्होंने बताया कि मेले की व्यवस्थाएं साल-दर-साल और बेहतर हो रही हैं।
आयुक्त ने नगर के विकास के लिए पार्किंग, ड्रेनेज और कूड़ा निस्तारण जैसी मूलभूत सुविधाओं पर प्रशासन के गंभीर प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही, उन्होंने महोत्सव को और भव्य बनाने के लिए जनसहयोग की अपील भी की।

