हल्द्वानी। आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री, दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जनता मिलन आयोजित कर आमजन की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया।
जनता मिलन में अधिकतर शिकायतें भूमि विवाद, मुआवजा, पार्क निर्माण और आर्थिक सहायता से जुड़ी हुई थीं। चकलुवा निवासी इन्दर सिंह ने बताया कि उनकी माताजी की मौत सांप के काटने से हुई थी, लेकिन मुआवजा राशि अब तक नहीं मिली। जांच में पता चला कि 6 लाख रुपये की राशि पहले ही ट्रांसफर हो चुकी थी, परंतु केवाईसी अपडेट न होने से खाते में अटक गई थी। केवाईसी पूरी होते ही राशि पहुंच गई, जिस पर परिजन ने आभार जताया।
आयुक्त ने जनता को बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं के प्रति सचेत करते हुए कहा कि अंधविश्वास में समय गँवाने के बजाय तुरंत अस्पताल जाएँ, जहाँ एंटीवेनम उपलब्ध है। उन्होंने घर-आसपास साफ-सफाई रखने और खेतों में काम करते समय जूते-दस्ताने पहनने जैसी सावधानियों पर जोर दिया।
गौजाजाली बिचली कॉलोनी के लोगों ने पार्क निर्माण पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे उनका रास्ता बंद हो जाएगा। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पार्क का काम जारी रहे, लेकिन कॉलोनीवासियों के लिए आवागमन का मार्ग भी सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्क में मॉर्निंग वॉक ट्रैक, बच्चों के लिए झूले और अन्य सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जाएँगी।
जनता मिलन में अन्य गंभीर प्रकरण भी सामने आए। एक महिला ने बताया कि उनके दोनों बेटों की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन आर्थिक सहायता अब तक नहीं मिली। इस पर आयुक्त ने तुरंत आवश्यक पत्राचार करने को कहा। वहीं, कार्बेट पार्क क्षेत्र के टेडा गांव के निवासियों ने शिकायत की कि उन्हें राजस्व ग्राम में शामिल नहीं किया गया है। इस पर अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए।
भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्टाम्प पेपर पर जमीन की बिक्री मान्य नहीं है, और यदि ऐसा प्रमाणित होता है तो दोषियों पर स्टाम्प चोरी का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।
