अल्मोड़ा:अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग के क्वारब क्षेत्र में चल रहा सड़क निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। अब कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। क्वारब डेंजर जोन में बन रही सुरक्षा दीवार में बड़े घोटाले के आरोप लगाए गए हैं। कांग्रेस ने इस कार्य की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और ठेकेदार तथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।
सुरक्षा दीवार में घटिया निर्माण का आरोप:- अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने क्वारब क्षेत्र में बन रही सुरक्षा दीवार को घोटाला करार दिया। उन्होंने कहा कि करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बन रही दीवार में निर्माण के दौरान गंभीर अनियमितताएँ पाई गई हैं। दीवार बनने के तुरंत बाद ही दरारें पड़ने लगीं, जिन्हें छिपाने के लिए रातोंरात सीमेंट का लेप चढ़ाया गया। विधायक ने आरोप लगाया कि गुणवत्ता का कोई ध्यान नहीं रखा गया और ठेकेदार व विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से यह काम चल रहा है।
ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और दोबारा निर्माण की मांग:- विधायक तिवारी ने ठेकेदार का टेंडर निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। साथ ही उन्होंने दोबारा टेंडर प्रक्रिया अपनाकर सुरक्षा दीवार निर्माण कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगी। दो दिनों के अंदर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि क्वारब डेंजर जोन पहले से ही सड़क धंसने और मलबा गिरने की समस्या से जूझ रहा है। बारिश के मौसम में इस क्षेत्र में वाहन चलाना जोखिमपूर्ण हो जाता है। कांग्रेस पहले भी इस मुद्दे को उठाती रही है और अब भी लगातार सरकार से उचित कार्रवाई की मांग करेगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क धंसने और पहाड़ी से मलबा गिरने की वजह से वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है। खासकर बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों ने सरकार से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील की है।
