हल्द्वानी: उत्तराखंड पंचायत चुनाव के दौरान नैनीताल में हुए अपहरण प्रकरण, फायरिंग और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को हल्द्वानी में धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बुद्ध पार्क पहुंचे। उन्होंने सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस का कहना है कि पूरे प्रदेश, विशेष रूप से नैनीताल जिले में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। दिनदहाड़े अपहरण, हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं और अपराधियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा और सरकार के दबाव में काम कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि केंद्र की रिपोर्ट में उत्तराखंड महिला अपराध में पहले नंबर पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थकों द्वारा अपराध किया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में जनता सरकार को जवाब देगी।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि चुनाव के दौरान नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया, जो माफ़ी योग्य नहीं है। उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी।
इस दौरान कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार और नैनीताल पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कानून व्यवस्था सुधारने की मांग की।
